निषाद राज का झंडा उठाएं, निषादों को सत्ता में लाएं:-डॉ संजय निषाद।

निषाद पार्टी की गोंडा यूनिट गोंडा ने एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें मुख्य अतिथि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद थे। गोंडा में मछुआ समुदाय में डॉक्टर संजय निषाद के प्रति अगाध प्रेम को देखा गया । जब संजय निषाद का काफिला गोंडा पहुंचा तो वहां भव्य और जोरदार तरीके से उनका स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में लोग उनको सुनने के लिए आए थे।
डॉक्टर संजय निषाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि, अभी तक दूसरी पार्टियों और दूसरी पार्टियों में अपना लाभ देखने वाले निषाद समुदाय के नेताओं ने सिर्फ मछुआ समुदाय का दुरुपयोग किया है। हर पार्टी ने मछुआ समुदाय के नेता को वोट बैंक के लिए पद दिया और अपना झंडा उठाया है। मगर अब समय आ गया है कि मछुआ समुदाय के लोग निषाद राज का झंडा उठाएं और एकत्र होकर चुनाव में अधिक से अधिक निषाद पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनावे। आगामी चुनाव में मछुआ समुदाय को यह दिखाना होगा कि अब वह किसी दूसरे का झंडा उठाने के लिए मजबूर नहीं है। उसकी अपनी एक पार्टी है, उसका अपना एक नेता है। जब तक अधिक से अधिक मछुआ समुदाय के लोग सत्ता में नहीं आएंगे, चुनाव को जीतकर कुर्सी पर नहीं बैठेंगे, तब तक मछुआ समुदाय का भला नहीं हो सकता है। मछुआ समुदाय के विकास के लिए और उसके सम्मान के लिए निषाद पार्टी दिन रात मेहनत कर रही है और मछुआ समुदाय से उम्मीद करती है कि आगामी चुनाव में मछुआ समुदाय निषाद पार्टी की इस मेहनत का फल उसे अवश्य देगा।
